नई दिल्ली, 16 नवंबर . हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अहीरवाल का इलाका सदैव से ही वीरों की भूमि रहा है, इस धरती ने अनेकों वीरों को जन्म दिया है जिन्होंने देश के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने का काम किया है। ऐसी तपस्वी भूमि पर आना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। आज यहां महाराजा शूरसैनी जी की जयंती कार्यक्रम के आयोजन से यह धरा और भी पावन हो गयी है। महाराजा शूरसैनी बहुत ही प्रतापी, वेदों के ज्ञाता, न्यायप्रिय, धर्मात्मा एवं प्रजापालक राजा थे। उनके राज्य में पूर्ण समाजवाद था।
मुख्यमंत्री आज नारनौल में राज्यस्तरीय महाराजा शूरसैनी जयंती समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने इससे पूर्व , 84 करोड़ रुपये की लागत की 19 परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास भी किये।
उन्होंने नारनौल विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री ओमप्रकाश यादव द्वारा उनके समक्ष रखी गई अधिकतर मांगों को पूरा करने का आश्वासन देते हुए कहा कि इस क्षेत्र में विकास का पहिया तेजी से धूमता रहेगा।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने इस दौरान घोषणा की है कि महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज कोरियावास में बनने वाले सामान्य अस्पताल का नाम ” शहीद राव तुलाराम” के नाम पर किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि नारनौल के विकास में कोई कमीं नहीं छोड़ी जाएगी। यहां की अनअप्रूवड कॉलोनियों को भी नियमानुसार अप्रूवड किया जाएगा।
https://www.rashtratak.com
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने उपस्थित लोगों को महाराजा शूरसैनी जी की जयंती की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सैनी समाज का इतिहास प्राचीन और गौरवशाली है। सामाजिक क्रांति के अग्रदूत महात्मा ज्योतिबा फूले व भारत की प्रथम महिला शिक्षिका सावित्री बाई फूले सैनी समाज के रत्न हैं। उन्होंने समाज में विशेषकर, महिला शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी कार्य किए। इसी प्रकार कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए उन्होंने अपना जीवन लगा दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के स्वतंत्रता आंदोलन में सैनी समाज का अहम योगदान रहा है। आजाद हिन्द फौज के सेनानी सरदार महंगा सिंह सैनी व अजीत सिंह सैनी तथा हरि सिंह सैनी जैसे स्वतंत्रता सेनानी भी इसी समाज ने दिये हैं।
इसी समाज ने संत श्री लिखमीदास, बल्लभगढ़ रियासत के सेनापति गुलाब चंद सैनी, बिहार में सामाजिक क्रांति के सूत्रधार बाबू जगदेव प्रसाद कुशवाहा जैसे समाज सेवक, हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद कुशवाहा जैसे खिलाडी तथा चंडीगढ़ स्थित रॉक गार्डन के निर्माता पद्मश्री नेकचन्द सैनी जैसे कलाकार भी इसी समाज की देन हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ‘संत-महापुरुष विचार सम्मान एवं प्रसार योजना‘ के तहत संतों व महापुरुषों के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रही हैं। महाराजा शूरसैनी जयंती समारोह का आयोजन भी इसी योजना की एक कड़ी है। महापुरुषों द्वारा दिखाये गये मार्ग पर चलते हुए हम हरियाणा एक-हरियाणवी एक की भावना से सभी वर्गों के कल्याण एवं उत्थान के लिए निरंतर कदम उठा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार ‘सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास-सबका प्रयास‘ की नीति पर आगे बढ़ रही है। गरीबों का कल्याण-उत्थान हमारा संकल्प था, संकल्प है, संकल्प रहेगा। इसलिए विकास का हमारा आधार गरीब का सशक्तिकरण है। लास्ट माइल डिलीवरी पर फोकस ने इन वर्गों का जीवन बदल दिया है।
श्री नायब सिंह सैनी ने पिछडे वर्गों के उत्थान व कल्याण के लिए चलाई गई योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि राज्य सरकार की नीतियां किसी एक वर्ग या एक जाति के लिए नहीं, बल्कि हरियाणा के समस्त समाज के लिए है।
https://www.rashtratak.com
