New Delhi रक्षा मंत्रालय के अंतर्गत एक बड़ी उपलब्धि, यह परियोजना भारत के कार्यनीतिक प्रतिष्ठानों के लिए कार्यप्रणाली की दृष्टि से महत्वपूर्ण, भविष्य के लिए तैयार अवसंरचना के निष्पादन में एनबीसीसी के नेतृत्व को सुदृढ़ करती है।
रक्षा और सार्वजनिक अवसंरचना विकास में अपने प्रभुत्व की पुष्टि करने वाली महत्वपूर्ण उपलब्धि के तहत, भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के अधीन आने वाले नवरत्न केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यम एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड ने चेन्नई के आवडी में स्थित हेवी व्हीकल्स फैक्ट्री (एचवीएफ), आर्मर्ड व्हीकल्स निगम लिमिटेड (एवीएनएल), रक्षा मंत्रालय की एक इकाई से 350 करोड़ रुपये का परियोजना प्रबंधन परामर्श (पीएमसी) कार्य प्राप्त किया।
यह कार्य, उच्च प्रतिस्पर्धी गुणवत्ता-सह-लागत आधारित चयन (क्यूसीबीएस) प्रक्रिया के माध्यम से प्रदान किया गया है, जिसमें प्रमुख पूंजीगत सिविल वर्क्स के डिज़ाइन, इंजीनियरी और प्रबंधन को शामिल है जो देश की रक्षा विनिर्माण क्षमताओं को सुदृढ़ करेगा। एवीएनएल निगमित कार्यालय परिसर, आयुध विकास केंद्र और वर्कशॉप, टी-सीरीज टैंक ओवरहाल क्षमता बढ़ाने के लिए परीक्षण ट्रैक अवसंरचना तथा एचवीएफ और एवीएनएल एस्टेट्स के भीतर एवीएनएल कर्मियों के लिए आवासीय क्वार्टर सहित महत्वपूर्ण सुविधाओं के निर्माण और विकास के लिए एनबीसीसी परियोजना प्रबंधन परामर्शदाता के रूप में कार्य करेगा।
इस परियोजना का कुल अनुमानित मूल्य 350 करोड़ रुपये है तथा इसे पूर्ण करने की समय-सीमा 36 महीने है, जिसका निष्पादन उच्चतम गुणवत्ता, सुरक्षा और संधारणीय मानकों का कड़ाई से पालन करते हुए किया जाएगा। यह नियोजन उन्नत परियोजना प्रबंधन तकनीक, आधुनिक डिज़ाइन नवोन्मेष और हरित भवन एकीकरण को शामिल करते हुए,रक्षा मंत्रालय के अवसंरचना आधुनिकीकरण अभियान में कार्यनीतिक साझेदार के रूप में एनबीसीसी की स्थिति को सुदृढ़ करती है।

क्यूसीबीएस प्रणाली के तहत एनबीसीसी का चयन इसकी बेहतर तकनीकी ताकत, एकरूप प्रदर्शन रेटिंग और वृहद पैमाने पर सरकारी और रक्षा परियोजनाओं को पूर्ण करने में अनुकरणीय रिकॉर्ड को रेखांकित करता है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के साथ, एनबीसीसी स्मार्ट सरकारी भवनों और संस्थागत परिसरों से लेकर राष्ट्रीय महत्व की कार्यनीतिक सुविधाओं तक कार्यप्रणाली की दृष्टि से महत्वपूर्ण कार्यों के अपने पोर्टफोलियो का विस्तार कर रहा है।
