नई दिल्ली : अभिनेता गुरमीत चौधरी और अभिनेत्री ईशा मालवीय अपनी आगामी रोमांटिक म्यूजिकल फिल्म ‘तुम मेरे हो’ के प्रचार के लिए दिल्ली पहुंचे। इस दौरान राजधानी के बोबाची (शेफ युवराज कोहली) में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दोनों कलाकारों ने मीडिया से बातचीत की और फिल्म की कहानी, अपने किरदारों तथा शूटिंग के अनुभव साझा किए। फिल्म 23 अक्टूबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म ‘तुम मेरे हो’ गुरमीत चौधरी के करियर के लिए खास है, क्योंकि इसके जरिए वह पहली बार निर्माता के रूप में अपनी नई पारी शुरू कर रहे हैं। फिल्म का निर्माण उनके प्रोडक्शन बैनर देब गुरु फिल्म्स और रेवा क्रिएटिव हाउस के सहयोग से किया गया है। वहीं, ईशा मालवीय इस फिल्म के जरिए बॉलीवुड में डेब्यू कर रही हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में गुरमीत चौधरी ने कहा कि यह फिल्म उनके लिए बेहद खास है। एक अभिनेता के रूप में उन्हें इसमें रोमांस, भावनाओं और एक्शन के अलग-अलग रंग दिखाने का अवसर मिला है। वहीं, निर्माता के तौर पर उनकी कोशिश ऐसी कहानी पेश करने की रही है, जो भव्य होने के साथ दर्शकों से भावनात्मक जुड़ाव भी बनाए। ईशा मालवीय ने अपने बॉलीवुड डेब्यू को लेकर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि फिल्म की कहानी प्यार, भावनाओं और रिश्तों की गहराई को दर्शाती है। गुरमीत के साथ काम करने का अनुभव शानदार रहा और उन्हें उम्मीद है कि दर्शक फिल्म के किरदारों तथा उनकी प्रेम कहानी से जुड़ाव महसूस करेंगे। निर्देशक आशीष पांडा के निर्देशन में बनी इस फिल्म के ट्रेलर में रोमांस, दिल टूटने का दर्द, जुनून और एक्शन की झलक देखने को मिलती है। फिल्म में गुरमीत चौधरी और ईशा मालवीय मुख्य भूमिकाओं में हैं, जबकि अनुष्का लुहार और शान ग्रोवर भी महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं। दोनों मुख्य कलाकारों की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री को फिल्म के प्रमुख आकर्षणों में शामिल किया जा रहा है। फिल्म का संगीत भी इसकी खासियत है। इसके म्यूजिक एल्बम से मिथुन, विशाल मिश्रा, संजू राठौड़, असीस कौर, मधुर शर्मा, जावेद अली, मोहम्मद फैज और अर्जुन हरजाई सहित कई कलाकार जुड़े हैं। फिल्म का संगीत इसकी रोमांटिक कहानी और भावनात्मक दृश्यों को और प्रभावशाली बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। आरती एस और देबिना बनर्जी द्वारा निर्मित तथा रोमांच मेहता और अमन रियास्ती द्वारा सह-निर्मित ‘तुम मेरे हो’ प्रेम, संगीत, भावनाओं और एक्शन से भरपूर सिनेमाई अनुभव पेश करने की तैयारी में है। फिल्म 23 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
