बाल मुकुंद ओझा,जौनपुर।
जौनपुर में भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण की तैयारियों को लेकर जिला जनगणना समन्वय समिति की तीसरी बैठक आयोजित की गई। यह बैठक प्रमुख जनगणना अधिकारी/जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने सभी चार्ज अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए कहा कि अगले तीन दिनों के भीतर हाउसलिस्टिंग ब्लॉक क्रिएशन पोर्टल पर डिजिटल रूप से मकान सूचीकरण ब्लॉक के गठन का कार्य पूरा किया जाए। साथ ही, प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की ड्यूटी लगाने का कार्य भी इसी अवधि में संपन्न किया जाए।
जिले में जनगणना कार्य के लिए 10,000 से अधिक गणनाकर्मियों की नियुक्ति की जाएगी। जनगणनाकर्मियों का प्रशिक्षण अप्रैल माह में आयोजित करने की योजना है। प्रदेश सरकार द्वारा जनगणना के संबंध में कुछ अवधियां अधिसूचित की गई हैं।
इसमें जनगणना के लिए पंजीकरण संख्या और स्व-गणना के लिए 07 से 21 मई 2026 तक का समय निर्धारित है, जबकि मकानसूचीकरण का कार्य 22 मई से 20 जून 2026 के बीच किया जाएगा। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) परमानंद झा और जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. अरुण यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

जौनपुर के ज़िलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र बोले-जौनपुर जनपद में पेट्रोल-गैस की कमी नहीं है:
जौनपुर में पेट्रोल, डीजल और गैस की उपलब्धता को
लेकर फैली अफवाहों के बीच एक प्रश्न के जवाब में स्वम जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने स्पष्ट किया है कि जनपद में ईंधन और गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और संयम बनाए रखें।
डीएम ने बताया कि जनपद में कुल 275 रिटेल आउटलेट हैं। जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार, कुछ पेट्रोल पंपों पर आपूर्ति प्रभावित हुई है, लेकिन प्रशासन इसे सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि ईरान-इजरायल युद्ध जैसे वैश्विक कारणों से तेल और गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है, लेकिन उत्तर प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार इस समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत हैं।


