नई दिल्ली। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने पूर्वी पंजाबी बाग के भगवान दास नगर में स्थित एक पार्क का नामकरण प्रख्यात समाजसेवी व उद्यमी स्वर्गीय सुभाष गुप्ता की स्मृति में किया गया । इस आयोजित गरिमामय समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों तथा गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लेकर स्वर्गीय सुभाष गुप्ता को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर स्थानीय सांसद बांसुरी स्वराज, विधायक हरीश खुराना, निगम पार्षद राकेश जोशी, नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी सहित कई प्रतिष्ठित नागरिक उपस्थित रहे, इस दौरान समारोह को संबोधित करते हुए महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि महान व्यक्तित्वों के नाम पर सड़कों, पार्कों और सार्वजनिक भवनों का नामकरण केवल सम्मान का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों को समाज व राष्ट्र के प्रति समर्पण, सेवा और जनकल्याण के कार्यों के लिए प्रेरित करने का एक सशक्त माध्यम भी है, उन्होंने कहा कि स्वर्गीय सुभाष गुप्ता का जीवन सेवा, परोपकार और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण सराहनीय रहा है।
महापौर ने कहा कि स्वर्गीय सुभाष गुप्ता ने अपने जीवनकाल में शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया, उन्होंने अनेक शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों व वृद्ध आश्रमों के निर्माण व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिससे हजारों लोगों को लाभ प्राप्त हुआ है। साथ ही समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए उनके द्वारा किए गए कार्य सदैव स्मरणीय रहेंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व सांसद (राज्य सभा ) डॉ. सुशील गुप्ता ने बताया कि स्व सुभाष जी हॉस्पिटल में उपाध्यक्ष
तौर पर जो कार्य किया उसे आज भी सभी याद करते हैं और हम सभी उन्हें प्रधान के पद पर कार्यरत होने के लिए देखना चाहते थे लेकिन ऐसा हुआ नहीं! उन्होंने कहा कि आज उन्ही की प्रेरणा से मीना जी का समाज सेवा में अतुलनीय सहयोग मिल रहा है जो समाज में एक नया आयाम स्थापित करने का प्रयास है ।
इसी बीच सांसद बांसुरी स्वराज ने अपने संबोधन में कहा कि स्वर्गीय सुभाष गुप्ता जैसे व्यक्तित्व समाज की अमूल्य धरोहर होते हैं। उनके द्वारा किए गए जनसेवा के कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। साथ ही उनका योगदान आने वाले वर्षों तक लोगों को समाजहित में कार्य करने की प्रेरणा हम सब को देता रहेगा। इस मौके पर विधायक हरीश खुराना ने कहा कि स्वर्गीय गुप्ता ने अपने सामाजिक और मानवीय कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास किया। उनका जीवन इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ संकल्प और सेवा भाव के माध्यम से समाज में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। निगम पार्षद राकेश जोशी ने भी स्वर्गीय सुभाष गुप्ता के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि पार्क का नामकरण उनके सम्मान में किया जाना क्षेत्रवासियों के लिए सौभाग्य का विषय है। इससे स्थानीय नागरिकों को उनके आदर्शों और सेवा कार्यों की जानकारी मिलेगी। साथ ही समाजसेवा की भावना को बढ़ावा भी मिलेगा।
इस कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों व नागरिकों ने स्वर्गीय सुभाष गुप्ता की धर्म पत्नी मीना गुप्ता की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज में इन दोनों का योगदान सराहनीय रहा है। सुभाष गुप्ता के जीवन, उनके सामाजिक योगदान व जनकल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को नमन करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी वक्ताओं ने उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने व समाजहित के कार्यों को निरंतर आगे जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया है।
बता दें कि पार्क के नामकरण के साथ ही भगवान दास नगर क्षेत्र में एक ऐसे व्यक्तित्व की स्मृति को स्थायी सम्मान प्रदान किया गया है, जिन्होंने अपने जीवन को समाज, शिक्षा, स्वास्थ्य और मानव सेवा के लिए समर्पित किया। यह पहल आने वाली पीढ़ियों को जनसेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम के समापन पर मीना गुप्ता ने इस अवसर पर उपस्थित सभी अतिथियों एवं सम्मानित सदस्यों का अभिनंदन करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह समाज की उन्नति का प्रतीक हैं जो आज आप सब कार्यक्रम में शामिल हो कर सहयोग प्रदान किया है ।
