इस अनुबंध से बढ़ते भारतीय गैस बाजार में एचपीसीएल की स्थिति एक प्रमुख और विश्वसनीय प्राकृतिक गैस आपूर्तिकर्ता के रूप में मजबूत होगी ।
भारत की सबसे बड़ी एकीकृत तेल शोधक और विपणन कंपनियों में से एक, हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने अड्नोक गैस की सहायक कंपनी अबू धाबी गैस लिक्विफिकेशन कंपनी (एएलएनजी) के साथ 10 साल की अवधि के लिए तरलीकृत प्राकृतिक गैस की खरीद हेतु एक अनुबंध शीर्ष (एचओए) पर हस्ताक्षर किए हैं। अड्नोक गैस एक विश्वस्तरीय, बृहद पैमाने पर एकीकृत गैस परिचालन और बिक्री कंपनी है जो गैस मूल्य श्रृंखला में कार्यरत है।
एचओए के नियमों के तहत, एचपीसीएल अपनी रिफाइनरियों, सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क की मांग को पूरा करने और डाउनस्ट्रीम ग्राहकों के बीच खपत के लिए हाल ही में चालू किए गए छारा एलएनजी टर्मिनल, गुजरात से एलएनजी प्राप्त करेगी। इस पहल से एचपीसीएल एलएनजी हासिल करने और प्रतिस्पर्धी कीमतों पर ग्राहकों को सेवा प्रदान करने के लिए दीर्घकालिक और अल्पकालिक एलएनजी अनुबंधों सहित एक विविध पोर्टफोलियो बनाने में सक्षम होगा।
इस अनुबंध के अंतर्गत की जाने वाली आपूर्ति भारत की ऊर्जा सुरक्षा और स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन के प्रति एचपीसीएल की प्रतिबद्धता में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी। यह रणनीतिक साझेदारी भारत की अपनी ऊर्जा क्षमता में गैस की हिस्सेदारी बढ़ाने की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। इस तरह के दीर्घकालिक एलएनजी अनुबंध अत्यधिक अस्थिर वैश्विक ऊर्जा परिदृश्य के बीच विश्वसनीयता, सामर्थ्य और आपूर्ति सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के बारे में:
हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) भारत के पूर्वी और पश्चिमी तटों पर दो तेल रिफाइनरियाँ परिचालित करती है और एचएमईएल और एमआरपीएल संयुक्त उद्यम रिफाइनरियों में हिस्सेदारी रखती है। राजस्थान में एक ग्रीनफील्ड संयुक्त उद्यम रिफाइनरी निर्माणाधीन है। एचपीसीएल का एक विशाल विपणन नेटवर्क है जिसमें 23,901 रिटेल आउटलेट, 6,384 एलपीजी वितरक, एक एलपीजी आयात सुविधा, 55 एलपीजी भराई संयंत्र, 57 विमान ईंधन स्टेशन और लगभग 5,132 किलोमीटर पाइपलाइन नेटवर्क शामिल हैं। कंपनी ने संयुक्त उद्यमों और सहायक कंपनियों के साथ मिलकर एक मजबूत बुनियादी ढांचा विकसित किया है, जिसमें छारा (गुजरात) में 5 एमएमटीपीए एलएनजी भंडारण और रीगैसीफिकेशन टर्मिनल, विशाखापट्टनम में एलपीजी आयात सुविधा और देश की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए 25 भौगोलिक क्षेत्रों में सीजीडी नेटवर्क विकसित करने का प्राधिकरण आदि शामिल हैं।

