एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड ने लगभग 121 करोड़ रुपये की एक रूपांतरणकारी अवसंरचना परियोजना को आरंभ करने के लिए भारत के लोकपाल के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
यह समझौता ज्ञापन एक व्यापक पहल की शुरुआत का प्रतीक है जिसमें लोकपाल कार्यालय परिसर के लिए संरचनात्मक मरम्मत, भूकंपरोधी रेट्रोफिटिंग और नवोन्मेषी एवं उन्नत इंटीरियर शामिल हैं: जिसे कार्यक्षमता, संधारणीयता और वास्तुशिल्पीय कौशल प्रदान करने के लिए तैयार किया गया है।
इस करार के तहत, एनबीसीसी परियोजना प्रबंधन परामर्शदाता के रूप में कार्य करेगा और सटीकता, गुणवत्ता और संधारणीयता प्रतिमानकों का अनुपालन करते हुए परियोजना की सुपुर्दगी सुनिश्चित करने के लिए उत्तरदायी होगा। इस पहल का उद्देश्य समसामयिक मानकों को पूर्ण करने के लिए लोकपाल कार्यालय की प्रचालन दक्षता और भौतिक अवसंरचना को अपग्रेड करना है।
दोनों संगठनों के वरिष्ठ गण्यमान्य अधिकारीगणों की उपस्थिति में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए, जो सहयोग के कार्यनीतिक महत्व को रेखांकित करता है। प्रतिष्ठित उपस्थितगणों में न्यायमूर्ति अजय माणिकराव खानविलकर, भारत के लोकपाल के अध्यक्ष; श्री अभिषेक भगोतिया, संयुक्त सचिव, भारत के लोकपाल; श्री अरुण कुमार, उप सचिव, भारत के लोकपाल; श्री मुदित भटनागर, मुख्य महाप्रबंधक, एनबीसीसी और श्री आकाश सक्सेना, अपर महाप्रबंधक, एनबीसीसी शामिल थे।
इस परियोजना से लोकपाल के प्रशासनिक अवसंरचना के आधुनिकीकरण में महत्वपूर्ण योगदान मिलने की उम्मीद है तथा इसे दक्षता, सुरक्षा और कार्यक्षमता के उच्चतम मानकों के अनुरूप निर्मित किया जाएगा।
