जोधपुर में नव-निर्मित बीएपीएस स्वामिनारायण मंदिर के मूर्ति-प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत 24 सितंबर, बुधवार को मंदिर में प्रतिष्ठित होने वाली भगवान की मूर्तियों की भव्य नगर-यात्रा का आयोजन किया गया।

भक्तों की उमड़ी विशाल भीड़, ऐतिहासिक नगर-यात्रा के साक्षी बने जोधपुरवासी
इस अवसर पर प्रतिष्ठित होने वाली दिव्य मूर्तियों को कुल पाँच कलात्मक रथों में विराजित किया गया। इनमें 55 फुट लंबे मयूर रथ पर भगवान श्री अक्षर-पुरुषोत्तम महाराज, घोड़े पर सुसज्जित रथ में भगवान श्री घनश्याम महाराज, हिमालय रथ पर भगवान शिवजी, सिंह रथ पर राधा-गोविंदजीऔर प्रभु श्रीराम-जानकीजी, हाथी रथ पर भगतजी महाराज, हंस रथ पर शास्त्रीजी महाराज तथा गरुड़ रथ पर युगपुरुषों – योगीजी महाराज, परम पूज्य प्रमुखस्वामी महाराज और श्री नीलकंठ वर्णी की मूर्तियाँ विराजमान थीं। इन दिव्य मूर्तियों के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
नगर-यात्रा के अन्य आकर्षणों में नासिक ढोल, आदिवासी नृत्य मंडली, बादलपुर नृत्य दल, राजस्थान सांस्कृतिक ट्रेलर, गेर कलाकार मंडली, कच्छी घोड़ी नृत्य, कलश यात्रा, घूमर नृत्य, भजन मंडलियाँ, करताल महिला मंडल तथा विविध पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित बीएपीएस के बालक-बालिकाओं, युवा-युवतियों, महिला एवं पुरुष हरिभक्तों की आकर्षक प्रस्तुतियाँ शामिल थीं। कुल मिलाकर 800 से अधिक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किए गए इन मनमोहक कार्यक्रमों ने नगर-यात्रा को अद्वितीय भव्यता प्रदान की।

कलात्मक एवं अलंकरणयुक्त रथों का लोकोत्तर दृश्य देख धर्मप्रेमी जनसमूह हुआ मंत्रमुग्ध
इस पावन अवसर को और भी मंगलमय बनाने हेतु 220 से अधिक संत-महंतों ने नगर-यात्रा में सहभागिता की। सुचारु आयोजन के लिए 250 से अधिक मारवाड़ी भक्तों ने तन-मन से सेवा में योगदान दिया। नगर-यात्रा के रथों की अलंकरण-रचना संतों एवं स्वयंसेवकों द्वारा दिन-रात परिश्रमपूर्वक संपन्न की गई।
इस ऐतिहासिक यात्रा का शुभारंभ जोधपुर के माननीय पूर्व महापौर श्री रामेश्वरजी दाधीच, सूरसागर विधायक श्री देवेन्द्र जी जोशी एवं शहर विधायक अतुल जी भंसाली, नगर निगम जोधपुर(उत्तर और दक्षिण) की महापौर श्रीमती कुंती जी देवड़ा और श्रीमती वनीता जी सेठ के कर कमलों से हुआ। इसके अलावा भी अनेक गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही । रावण चबूतरे से प्रारंभ हुई लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी यह यात्रा जोधपुर के मुख्य राजमार्गों से होती हुई 5 किलोमीटर का पवित्र मार्ग तय कर उम्मेद उद्यान के समीप संपन्न हुई।

मूर्ति-प्रतिष्ठा महोत्सव का मुख्य दिवस – 25 सितंबर गुरुवार

जिस क्षण की जोधपुरवासी आतुरता से प्रतीक्षा कर रहे थे, वह शुभ अवसर 25 सितंबर, गुरुवार को आएगा, जब मंदिर के मूर्ति-प्रतिष्ठा महोत्सव का मुख्य अनुष्ठान संपन्न होगा।
प्रातः 6:45 बजे परम पूज्य महंतस्वामी महाराज के वरदहस्तों द्वारा दिव्य मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा विधि संपन्न की जाएगी। इसके उपरांत श्रद्धालु पूज्य स्वामीजी के आशीर्वाद का लाभ प्राप्त करेंगे।
bf159291-a6d0-4dc2-9f6c-3d0f63402947
संपूर्ण अनुष्ठान के पश्चात दोपहर 12 बजे से मंदिर आम जनमानस के दर्शन हेतु खुला रहेगा। सायं 5:30 बजे मंदिर का भव्य लोकापर्ण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा, भारत सरकार के माननीय केंद्रीय मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत सहित अनेक विशिष्ट अतिथि विशेष उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
bf159291-a6d0-4dc2-9f6c-3d0f63402947
bf159291-a6d0-4dc2-9f6c-3d0f63402947
bf159291-a6d0-4dc2-9f6c-3d0f63402947
