नई दिल्ली : विजयादशमी के अवसर पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी नई दिल्ली के लाल किला मैदान में आयोजित नव श्री धार्मिक लीला कमेटी की ऐतिहासिक रामलीला में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के स्वरूपों के दर्शन किए तथा आरती और पूजा-अर्चना में भाग लेकर देशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सौहार्द की कामना की। कार्यक्रम में प्रियंका गांधी ने प्रतीकात्मक रूप से तीर चलाया और रामलीला के कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। रामलीला समिति के पदाधिकारियों ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया और अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न भेंट किया। इस अवसर पर पूर्व सांसद जेपी अग्रवाल, मुदित अग्रवाल और AICC नेशनल कोऑर्डिनेटर (सोशल मीडिया) गीत सेठी एडवोकेट सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। पत्रकारों से बातचीत में प्रियंका गांधी ने कहा कि दशहरा राजनीति करने का अवसर नहीं है। हालांकि, उन्होंने बेरोजगारी और महंगाई जैसी समस्याओं पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि समाज में सत्य और असत्य की लड़ाई आज भी जारी है और लोगों को सच के लिए संघर्ष करते रहना चाहिए। प्रियंका गांधी ने देशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए न्याय, सत्य और धर्म की जीत की कामना की।
