नई दिल्ली : मानवता की सेवा, जरूरतमंदों की सहायता एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से देवदूत वानर सेना मानवता संरक्षण समिति द्वारा आयोजित महासम्मेलन 2026 रविवार को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में भव्यता एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में राजनीति, समाजसेवा, शिक्षा एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और संगठन के पदाधिकारियों ने सहभागिता की। महासम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री ओम प्रकाश राजभर, पूर्व मंत्री श्रीमती स्वाती सिंह, पूर्व सांसद श्री धनंजय सिंह, पूर्व राज्यमंत्री श्री राणा अजीत सिंह, श्री ज्ञान प्रकाश सिंह, श्री वेद प्रकाश सिंह, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व अध्यक्ष श्री रामधीर सिंह, पूर्व विधायक श्री मटियारी तथा श्रीमती संयुक्ता सिंह चौहान सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में मानवता, सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करना रहा। इस दौरान देवदूत वानर सेना द्वारा पिछले कई वर्षों से जरूरतमंद परिवारों, गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों तथा आर्थिक रूप से कमजोर एवं असहाय व्यक्तियों की सहायता के लिए किए जा रहे सामाजिक कार्यों और सेवा अभियानों की जानकारी साझा की गई। अतिथियों ने संगठन के प्रयासों की सराहना करते हुए समाजहित में सामूहिक भागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया। महासम्मेलन में संगठन की भविष्य की योजनाओं, सामाजिक गतिविधियों और सेवा अभियानों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों का सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय प्रचार मंत्री श्री विवेक सिंह तन्हा ने कहा कि देवदूत वानर सेना केवल एक संगठन नहीं, बल्कि मानवता की सेवा और जरूरतमंदों के जीवन में आशा का संचार करने वाला एक संकल्प है। संगठन का प्रयास है कि सेवा, समर्पण और सहयोग की यह यात्रा निरंतर आगे बढ़ती रहे। जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाना और संकट के समय उनके साथ खड़ा होना ही संगठन की सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा की भावना पहुंचाना और अधिक से अधिक लोगों को मानवता के कार्यों से जोड़ना है। इसके लिए भविष्य में भी जरूरतमंदों की सहायता, सामाजिक सहयोग और मानवता संरक्षण से जुड़े अभियानों को व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर संगठन के संस्थापक एवं पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, सहयोगियों, वानर सैनिकों, पत्रकारों तथा आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही भविष्य में भी समाजसेवा एवं जनकल्याण के कार्यों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जारी रखने का संकल्प दोहराया।
