शिवानी कौल ,राष्ट्र तक,
नई दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के आर.के. पुरम स्थित जीवन दीप कुष्ठ आश्रम में इनर व्हील क्लब ऑफ दिल्ली नॉर्थ वेस्ट डिस्ट्रिक्ट 301की ओर से जरूरतमंद परिवारों के लिए राशन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस सेवा कार्य का नेतृत्व क्लब की प्रेसिडेंट डॉ. डिम्पी कपूर ने किया। इस कार्यक्रम में डॉ परमजीत छाबड़ा, रीटा सिंघल, डॉ रुचिका तनेजा, व्योमा मिनोचा, मिन्नी गोसेन, डॉ सुखमीत कौर, डॉ सरोज खन्ना, नीलम तनेजा, सुशीला गुप्ता सहित सभी सदस्यों ने अपना भरपूर योगदान दिया।
कार्यक्रम के दौरान क्लब की सभी सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और जरूरतमंद महिलाओं एवं परिवारों को राशन सामग्री वितरित कर मानव सेवा का संदेश दिया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने क्लब के इस सामाजिक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

क्लब की प्रेसिडेंट डॉ. डिम्पी कपूर ने कहा कि इनर व्हील क्लब समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि क्लब का उद्देश्य केवल सहायता प्रदान करना ही नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, युवाओं को शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों से जोड़ना तथा स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं के माध्यम से समाज में जागरूकता बढ़ाना भी है।
गौरतलब है कि इनर व्हील क्लब ऑफ दिल्ली नॉर्थ वेस्ट डिस्ट्रिक्ट 301 समय-समय पर महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पर्यावरण संरक्षण एवं विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है।
