आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन नवरत्न सीपीएसई एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड ने सेशेल्स गणराज्य सरकार के साथ ऑरोर द्वीप (Île Aurore) आवासीय परियोजना के निर्माण के लिए एक महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं जिसमें सेशेल्स में संबंधित अवसंरचना सहित 1008 किफायती आवासीय इकाइयां शामिल हैंl
महामहिम सेबेस्टियन पिल्लै, उपराष्ट्रपति, सेशेल्स गणराज्य और डॉ. के. पी. महादेवास्वामी, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड की गरिमामई उपस्थिति में बुधवार को इस अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए।
इस समझौते पर श्री जोसेफ फ्रांस्वा, भूमि, आवासन एवं अवसंरचना विभाग के राज्य सचिव, सेशेल्स गणराज्य सरकार तथा श्री प्रदीप शर्मा, कार्यपालक निदेशक (इंजी.), एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड के द्वारा औपचारिक रूप से हस्ताक्षर किए गए।
यह परियोजना सेशेल्स में संबंधित अवसंरचना सहित 1008 किफायती आवासीय इकाइयों के विकास की परिकल्पना करती है, जिसका उद्देश्य शहरी जीवन-स्तर में सुधार करना तथा संधारणीय विकास को संवर्धित करना है। इस परियोजना को भारत के निर्यात-आयात बैंक (एक्ज़िम बैंक) द्वारा प्रदान की गई 75 मिलियन अमेरिकी डॉलर की ऋण सहायता के माध्यम से वित्तपोषित किया जाएगा।
परियोजना के कार्यक्षेत्र में समर्पित सीवेज ट्रीटमेंट संयंत्र (एसटीपी) सहित आवश्यक संबद्ध अवसंरचना कार्यों का निर्माण भी शामिल है, जिससे ऑरोर द्वीप (Île Aurore) पर संधारणीय एवं आधुनिक सामुदायिक जीवन-स्तर सुनिश्चित किया जा सके। इस परियोजना से सेशेल्स में आवास की उपलब्धता में सुधार लाने और संधारणीय शहरी विकास को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान मिलने की उम्मीद है।
यह कार्यनीतिक सहयोग एनबीसीसी के बढ़ते अंतरराष्ट्रीय पोर्टफोलियो में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है और बड़े पैमाने पर आवास और अवसंरचना परियोजनाओं को क्रियान्वित करने में कंपनी की विशेषज्ञता को रेखांकित करता है। यह विदेशों में गुणवत्तापूर्ण अवसंरचना समाधान प्रदान करके भारत की विकास साझेदारियों में योगदान देने के लिए एनबीसीसी की प्रतिबद्धता को भी मजबूत करता है।

