विद्युत मंत्रालय के अंतर्गत एक महारत्न सीपीएसयू, आरईसी लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी आरईसी पावर डेवलपमेंट एंड कंसल्टेंसी लिमिटेड (आरईसीपीडीसीएल) ने 09 सितंबर 2026 को सफल बोलीदाता, मैसर्स महाराष्ट्र स्टेट इलेक्ट्रिसिटी ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड को परियोजना-विशिष्ट स्पेशल पर्पज व्हीकल (एसपीवी) मुसलगांव पावर ट्रांसमिशन लिमिटेड सौंपा।
महाराष्ट्र स्टेट इलेक्ट्रिसिटी ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड, आरईसीपीडीसीएल द्वारा आयोजित टैरिफ-आधारित प्रतिस्पर्धी बोली (टीबीसीबी) प्रक्रिया के माध्यम से सफल बोलीदाता के रूप में उभरी। यह परियोजना महाराष्ट्र की राज्यांतर्गत ट्रांसमिशन परियोजना को “बिल्ड, ओन, ऑपरेट एंड ट्रांसफर (बीओओटी)” आधार पर विकसित करने हेतु है।
एसपीवी का हस्तांतरण श्री रत्नेश कुमार, महाप्रबंधक (अभियांत्रिकी), आरईसीपीडीसीएल द्वारा श्री अमित आर. नाइक, मुख्य अभियंता (टीबीसीबी), महाराष्ट्र स्टेट इलेक्ट्रिसिटी ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड को वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया।
यह ट्रांसमिशन परियोजना मुख्यतः मुसलगांव में 220/132/33 केवी एआईएस उपकेंद्र की स्थापना, मुसलगांव से बाबलेश्वर (मौजूदा) एवं रेमंड (मौजूदा) तक लगभग 111 किमी लंबी 220 केवी डबल सर्किट लाइन तथा मुसलगांव से सिन्नर (विद्यमान) तक लगभग 13 किमी लंबी 132 केवी डबल सर्किट लाइन सहित संबद्ध कार्यों का प्रावधान करती है। परियोजना का कार्यान्वयन 12 माह की अवधि में लगभग 560 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत पर किया जाना प्रस्तावित है।
