नई दिल्ली:दिल्ली के शाहबाद डेरी-दौलतपुर क्षेत्र में निजी कृषि भूमि पर कथित अवैध कब्जा कर झुग्गियां बनाने और उन्हें किराए पर देकर वसूली करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में भारतीय किसान यूनियन (भानू) ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। भारतीय किसान यूनियन (भानू) दिल्ली प्रदेश के प्रमुख महासचिव संजय राघव ने बताया कि संगठन की दिल्ली प्रदेश उपाध्यक्ष भानुसूरी उर्फ पूनम चोपड़ा एवं उनकी माता स्नेहलता चोपड़ा ने लिखित शिकायत देकर अपनी दो कृषि भूमि पर भूमाफियाओं द्वारा अवैध कब्जे का आरोप लगाया है। ये जमीनें खसरा नंबर 37/4 तथा 37/3/2 और 8/1, शाहबाद डेरी-दौलतपुर, दिल्ली में स्थित हैं। संगठन के अनुसार, इस मामले में जिलाधिकारी अलीपुर, मुख्यमंत्री दिल्ली सरकार, उपराज्यपाल, संबंधित मंत्रियों, पुलिस आयुक्त, डीसीपी आउटर नॉर्थ, एसडीएम बवाना और थाना प्रभारी शाहबाद डेरी सहित कई अधिकारियों को शिकायत भेजी गई है। हालांकि, एक महीने से अधिक समय बीतने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है। महासचिव ने बताया कि 21 नवंबर को डीसीपी शोभित डी. सक्सेना के फोन के बाद संगठन के प्रतिनिधि संबंधित थाने पहुंचे। बाद में शाहबाद डेरी थाने में अधिकारियों और एडिशनल एसएचओ वीरेंद्र से मुलाकात कर जमीन का निरीक्षण कराया गया तथा फोटोग्राफी भी की गई।भारतीय किसान यूनियन (भानू) ने चेतावनी दी है कि जल्द ही बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जिलाधिकारी कार्यालय, अलीपुर का घेराव किया जाएगा। संगठन ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और जल्द कार्रवाई की मांग की है।
